मालेरकोटला में कुरान पाक की बेअदबी के मामले में आप के विधायक नरेश यादव ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं। वह सियासत में हैं और उनसे मिलने बहुत से लोग आते हैं। उनमें से कोई वारदात को अंजाम देता है तो इसमें उनका कसूर नहीं है। वह नाम लेने वाले संघ प्रचारक को जानते तक नहीं हैं। नरेश यादव ने आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है।
दूसरी ओर पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने कहा है कि आप की लोकप्रियता से डर कर गठबंधन ऐसी साजिश रच रहा है। पीपुल्स कन्वेंशन सेंटर में रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान संजय सिंह ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए हुए दो सर्वे में आप को भारी बहुमत मिला है। इसके डर से ही सूबे की गठबंधन सरकार पार्टी को बदनाम करने की साजिश रच रही है। आरोप लगाया कि मालेरकोटला कांड भाजपा और संघ की साजिश है। संघ पर पहले भी दंगे कराने के आरोप लगे हैं।
पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि पहले इसमें संघ का हाथ बताया गया। अब महरौली से आप विधायक नरेश यादव का नाम लिया जा रहा है, क्योंकि एक आरोपी संघ नेता ने यादव का नाम लिया है। गौरतलब है कि मालेरकोटला पुलिस के खुलासे के बाद से ही आप के विधायक नरेश यादव पर उंगली उठ रही है। पुलिस का दावा है कि मालेरकोटला केस से जुड़े एक आरोपी ने स्वीकार किया है कि वारदात की साजिश यादव के घर पर रची गई थी।
संजय सिंह ने कहा है कि उन्हें शक है कि पंजाब सरकार साजिशन आप के नेताओं को फंसा रही है, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। वह डीजीपी से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। पार्टी की मांग है कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए।