बेरी। देवी-देवताओं की नगरी बेरी में सावन माह की पंचमी पर सोमवार को बाबा लक्ष्मण दास मंदिर में हवन और भंडारे का आयोजन किया गया। बाबा की पूजा बेरी के पाना बैठाण स्थित मंदिर और बेरी-भिवानी मार्ग पर बाकरा मोड़ स्थित सामीसर धाम में होती है। बेरी, बाकरा, बिसाहन, ढराणा, चिमनी और मसूदपुर सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं ने समाधि पर माथा टेककर मन्नत मांगी। पंडित सुशील कौशिक ने हवन कराया। यज्ञ के बाद हलवा, सब्जी-पूरी का प्रसाद वितरित किया गया। नरेश कादयान ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ दिनभर लगी रही। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र उर्फ बिल्लू पहलवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।