भारतीय वायुसेना के लापता विमान एएन-32 के साथ कठुआ के एक परिवार की खुशियां भी गुम हो गईं हैं। यह परिवार अपने लाड़ले की सलामती की खबर सुनने को बेचैन है। विमान में बतौर क्रू मेंबर सवार कठुआ जिले के सुखदेवपुर बनियाड़ी का गुरदयाल भी लापता है।
22 जुलाई को वायुसेना यह कारगो विमान चेन्नई के पूर्वी इलाके में बंगाल की खाड़ी में उड़ान भरने के आधे घंटे बाद ही गायब हो गया। गुरदयाल बतौर कारपोरल वायु सेना में सेवाएं दे रहा था। साल भर पहले ही उसकी पोस्टिंग कोयंबटूर में हुई थी। पिता चूड़ा राम चौधरी ने बताया कि उनका बेटा सुबह चार बजे कोयंबटूर में अपने क्वार्टर में पत्नी से जल्द लौटने का वादा कर निकला था। विमान लापता होने के बाद से उसकी कोई खबर नहीं है।
शुक्रवार शाम सात बजे बेटे की पत्नी ने उन्हें बताया कि गुरदयाल से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इससे पहले उसने अपनी पत्नी से फोन पर विमान के तंबरम एयरबेस से उड़ान भरने से पहले बात की थी। वायुसेना के एक अधिकारी ने परिवार से शनिवार सुबह संपर्क साधकर यह सूचना दी कि युद्धस्तर पर विमान को तलाशने का काम जारी है।
सीआरपीएफ में छत्तीसगढ़ में तैनात गुरदयाल का छोटा भाई संजय सूचना मिलने के बाद चेन्नई के लिए रवाना हो गया। परिवार के सदस्यों को उम्मीद है कि जल्द ही उनके लाड़ले की सलामती की खबर उन तक पहुंचेगी।