नेशनल हाइवे पर घूमते आवारा पशु प्रतिदिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे है। लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकला है। ऐसे ही एक आवारा पशु के कारण राजस्थान के टोंक में चार युवा जिंदगी खत्म हो गई जबकि दो लोग अभी भी मौत से लड़ रहे है। दरअसल घटना टोंक के देवली की है। यहां से निकल रहे नेशनल हाइवे 12 पर हुई एक कार दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जयपुर की ओर से आ रही एक कार हाइवे पर अचानक आयी भैंस के कारण बेकाबू हो गई और डिवाइडर को तोड़ती हुई ट्रक में जा घुसी। जिससे कारण बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कोटा की ओर जा रहे थे युवक
फाइल फोटो।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार ट्रक के भीतर फंस गई जिसे क्रेन की मदद से अलग किया गया। कार में सवार छह में से एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि तीन युवकों ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं दो युवक गंभीर रुप से घायल है। मृतकों में दो युवक जयपुर के जबकि एक युवक कोटा का निवासी बताया जा रहा है। वहीं दुर्घटना के बाद नेशनल हाइवे 12 पर लंबा जाम लग गया। जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्क्त के बाद खुलवाया।