झज्जर। गांव नंगला में रास्ता रोककर एक व्यक्ति और उसके बेटों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नंगला निवासी कंवरपाल ने बताया कि 17 अक्तूबर को वह घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसका भतीजा गोपाल वहां आया और उसे व उसकी पुत्रवधू को गाली देने लगा। कंवरपाल के बाहर आने पर गोपाल वहां से चला गया।
इसके बाद वह उसे शिकायत करने के लिए उसके घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में गोपाल, रतिपाल, रवि, मंजीत, हेमंत और नरपत ने उसका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि रवि ने तेजधार हथियार से उसके सिर पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। शोर सुनकर कंवरपाल के बेटे नरवीर और नरेंद्र भी मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद