प्रदेश सरकार अपने दो साल पूरे करने जा रही है। इन दो साल में फरीदाबाद शहरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक नए-नए रिकॉर्ड बनाकर चर्चाओं में तो रहे, लेकिन क्षेत्र के विकास की बात करें तो कई चुनौतियां उनके सामने हैं। खराब सड़कें, दूषित पेयजल, उच्च शिक्षा की बदहाली और पार्किंग जैसी समस्या से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। विधायक के दो साल के कार्यकाल में क्षेत्र की उपलब्धियों और समस्याओं को अमर उजाला ने जानने की कोशिश की। पेश है योगेश शर्मा की रिपोर्ट:-
मार्च 2015 में सेक्टर 12 के टाउन पार्क में देश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहरा विधायक विपुल गोयल चर्चा में आए। इसके बाद जुलाई 2015 में तीन घंटे में दो लाख से अधिक पौधे लगाकर नया विश्व कीर्तिमान बनाकर सुर्खियों में आए। इस साल की शुरूआत में विधायक गोयल ने प्रदेश में पहली बार डिजिटल रैली का आयोजन कर एक बार फिर अपनी अलग पहचान कायम की। अपनी इन्हीं उपलब्धियों की बदौलत मनोहर सरकार के मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार में गोयल केबिनेट मंत्री का दर्जा हासिल करने में कामयाब रहे।
क्षेत्र के विकास की बात करें तो अब भी कई मुख्य सड़कें जर्जर हालत में हैं। बाईपास को ओल्ड और बडख़ल मार्ग से जोड़ने वाली सड़कें पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। मानसून के दौरान पॉश सेक्टरों में भी जलभराव की समस्या इस बार देखी गई। मनोहर सरकार में उद्योग मंत्री बनने के बाद चाइना की मोबाइल कंपनी को आईएमटी फरीदाबाद में निवेश के लिए समझौता कर उपलब्धि हासिल की लेकिन फरीदाबाद में मदर यूनिट लाने का चुनाव से पहले किया वादा आज भी अधूरा है।
पिछले वर्ष तीन घंटे में दो लाख पौधे लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया लेकिन फरीदाबाद पर लगे सबसे प्रदूषित शहर का धब्बा आज भी कायम है, जबकि राज्य के पर्यावरण विभाग के मुखिया खुद विपुल गोयल ही हैं। विधानसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा गांव सीही गोयल ने गोद लिया हुआ है। पीएम मोदी का इस गांव से विशेष लगाव रहा है लेकिन इस गांव में कई समस्याएं हैं। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बलजीत कौशिक का कहना है कि दो साल में कोई नया काम शुरू नहीं हुआ जो हमने टेंडर कर दिए थे, वही काम किए जा रहे हैं।
ये हैं उपब्धियां
1:-कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए सेक्टर 17 में नए पुलिस थाने का शिलान्यास।
2:-फरीदाबाद को ग्रेटर फरीदाबाद से जोड़ने के लिए सेक्टर 14 स्थित नहर पर पुल का उद्घाटन।
3:-उद्योग मंत्री बनने के बाद आईएमटी फरीदाबाद में मोबाइल कंपनी जियोनी से निवेश का समझौता।
4:-राज्य में सबसे पहली डिजिटल रैली आयोजित कर शहर को सुर्खियों में लाना।
5:-वार्ड नंबर 23 व 28 में करीब 10 करोड़ की लागत से सीवर व 5.5 करोड़ की लागत से पानी की लाइन।
ये हैं समस्याएं
1:-क्षेत्र में पार्किंग का अभाव बड़ी समस्या है। सेक्टर 12 में सड़क पर चलाई जा रही है पार्किंग।
2:-ड्रेनेज सिस्टम का असफल होना यहां भी मानसून में भारी पड़ रहा है, सुधार की योजनाएं सुस्त।
3:-उच्च शिक्षा के हालत खराब, खुले आसमान के नीचे लगती हैं सबसे बड़े कॉलेज में कक्षाएं।
4:-क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या से नहीं मिला छुटकारा।
5:-सेक्टर 12 में सिटी बसों के संचालन के लिए बस अड्डे की योजना नहीं चढ़ी परवान।
हमारी सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में पिछले 20 वर्षों की तुलना में ज्यादा कार्य करके दिखाए हैं। मेरा प्रयास है कि फरीदाबाद हलके में अभूतपूर्व एवं अनूठे विकास कार्य पूरे करवाए जाएं। गांवों व कॉलोनियों में भी सेक्टरों की तर्ज पर ही विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, सीवरेज, पार्क, जैसी अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं सरकार की ओर से प्राथमिकता के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
-विपुल गोयल, विधायक एवं केबिनेट मंत्री हरियाणा