जगदलपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रही करीब 50 वर्षीय महिला को ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया।
जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर पैदल जा रही बुजुर्ग महिला को ठोकर मार दी। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना के बाद से वाहन चालक फरार बताया जा रहा है। वहीं महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
मामले की जानकारी देते हुए परपा थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक ने बताया कि डिमरापाल से आगे मारेंगा चौक आकाशवाणी के पास बुधवार की रात कुछ लोगों ने जानकारी दी कि सड़क पर करीब 50 वर्षीय महिला को एक वाहन ने ठोकर मारकर फरार हो गया है।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां देखा कि महिला की मौत हो चुकी है। वहीं आसपास के लोगों से जब इसके बारे में जानकारी पूछी गई तो किसी को नहीं पता कि किस गाड़ी ने ठोकर मारी। वहीं महिला के पास से कोई भी दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
विज्ञापन
वहीं महिला के पास से एक झोला भी मिला, जिसमें बाइबल रखी हुई थी। फिलहाल महिला के शव को पीएम के लिए मेकाज भिजवाया गया है। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है कि आखिर महिला की मौत कैसे हुई। वहीं महिला के फोटो सभी थाना-चौकी को भेज दिए गए हैं, जिससे महिला की शिनाख्त हो सके।