बदहाल बिजली आपूर्ति पर लगाया जाम
क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था से आक्रोशित ग्रामीणों ने संडीला-उन्नाव मार्ग पर जाम लगा दिया। डेढ़ घंटे तक जाम में फंसकर लोग बेहाल हो गए। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद, विधायक और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जाम की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन दिया तब ग्रामीण शांत हुए।
कस्बा औरास और ग्रामीण क्षेत्र में हाजीपुर गोशा स्थित विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति की जाती है। करीब एक महीने से आपूर्ति सुचारु नहीं
चल रही है। जिस पर कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने संडीला-उन्नाव रोड जाम कर जेई और लाईनमैन को हटाने की मांग की थी। तब मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ ने एसडीओ और जेई को थाने बुलाकर विद्युत व्यवस्था सही कराने की बात कही थी लेकिन कुछ दिन आपूर्ति सही चलने के बाद फिर स्थिति बिगड़ गई।
इधर तीन दिन से बिल्कुल आपूर्ति ठप पड़ी थी। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह 9.30 बजे संडीला-उन्नाव रोड जाम कर दिया। सुबह का समय होने से कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक, सांसद और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचे थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने ग्रामीणों से जल्द विद्युत व्यवस्था सुचारु कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम खुल सका। इस मौके पर सर्वेश गुप्ता, मोनू गुप्ता, उमेश मौर्या, छोटे गोस्वामी मनोज शर्मा, संजय गुप्ता व सत्यम गुप्ता सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
-संडीला-उन्नाव मार्ग में डेढ़ घंटे तक लगे जाम में फंसकर लोग हुए बेहाल
-मौके पर पहुंचे एसओ, बिजली अधिकारियों से वार्ता के बाद माने ग्रामीण
-औरास में सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
-प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास करती पुलिस।