उत्तर प्रदेश सेल्फ फाइनेंस डिग्री कॉलेज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में संचालित बीएड, एमएड व अन्य टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम में जल्द से जल्द 10 प्रतिशत इकनॉमिकल वीकर सेक्शन (ईडब्ल्यूएस) कोटा लागू करने की मांग की है।
एसोसिएशन अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने इस संबंध में शुक्रवार को लखनऊ में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात की। त्रिवेदी ने कहा कि एनसीटीई ने राष्ट्रीय स्तर पर इसे लागू करने का आदेश जारी कर दिया है, लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार ने इसके लिए कोई आदेश जारी नहीं किया।
बीएड में दाखिले की प्रक्रिया भी खत्म होने की कगार पर है। ऐसे में अगर कोटा जल्द लागू नहीं होता है तो छात्रों को इसका लाभ नहीं मिल पाएगा। यह आरक्षण नियमावली की अवहेलना भी होगी। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव आर. रमेश कुमार से भी इस संबंध में मुलाकात की।