झज्जर। माछरौली थाना क्षेत्र में लुहारी के पास हुए सड़क हादसे में कंपनी कर्मचारी सोमबीर सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार रेवाड़ी जिले के गांव कन्हौरी निवासी बितिन कुमार ने पुलिस में दी शिकायत में बताया है कि उसके पिता सोमबीर सिंह लुहारी स्थित एक कंपनी में नौकरी करते थे। 30 जुलाई की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। बितिन भी दूसरी बाइक से उनके पीछे-पीछे चल रहा था। लुहारी में कंपनी के वेयरहाउस के पास सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही मोटरसाइकिल ने उसके पिता की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घायल सोमबीर को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।