डॉक्टरों का कहना हैकि इससे बच्चों की मानसिकता पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
अगर आप के बच्चों को घंटों कंप्यूटर, मोबाइल और लैपटॉप पर चिपके रहने की लत लग गई है, तो जरा सावधान हो जाएं। ऐसी आदत से बच्चों की मानसिकता पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है। इससे नौनिहाल मोटापे के शिकार, हिंसक प्रवृति, चिड़चिड़ापन और जिद्दी होते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि इससे बच्चों की मानसिकता पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
अकसर देखा जाता है कि कई बच्चे सुबह शाम खेल मैदान में कम नजर आते हैं। ज्यादातर वीडियो गेम्स, कंप्यूटर, लैपटॉप और आधुनिक एंड्रायड मोबाइल पर चिपके रहते हैं। धीरे-धीरे इतनी लत लग जाती है कि बच्चे बाहरी दुनिया से कट जाते हैं। बच्चों का इनडोर और आउट डोर गेम्स से मानसिक और शारीरिक विकास होता है।
सुबह के समय मैदान पर खेलकूद से जहां ताजी हवा मिल पाती है, वहीं बच्चों के शरीर में स्फूर्ति का संचार बना रहता है। वहीं, कंप्यूटर से घंटों तक चिपकने वाले बच्चों में आलस, मोटापा, चिड़चिड़ापन, हिंसक प्रवृति बढ़ने के आसार रहते है। सबसे ज्यादा खतरा ग्लैमर और नग्नता की तरफ रुझान बढ़ने की आशंका बनी रहती है। इसलिए अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, टाइम टेबल और खेलों के प्रति विशेष तौर से ध्यान देना जरुरी है।