राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बृहस्पतिवार को सचिवालय में शाम पांच से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में होगी।
विधानसभा के सत्र पहले आयोजित होने की कैबिनेट की इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की जा सकती है। विधानसभा सत्र के दौरान अधिनियमों में संशोधन किया जाना है। कैबिनेट की बैठक में कई अधिनियमों और अधिनियमों में संशोधन के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है।
अनुपूरक बजट के विधेयक के प्रस्ताव को भी कैबिनेट की बैठक में लाया जाएगा। पिछली बैठक में कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अनुपूरक बजट विधेयक पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया था। अब यह प्रस्ताव बृहस्पतिवार होने वाली कैबिनेट की बैठक में आएगा।
कैबिनेट की बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में चालू पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य में वृद्धि का एलान किया जा सकता है। इसके अलावा आधार एक्ट भी कैबिनेट में लाया जाएगा। केंद्र सरकार ने आधार एक्ट बनाने के सभी प्रदेश सरकारों को अपना एक्ट बनाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद प्रदेश सरकार ने आधार एक्ट बना लिया है, जिसे कैबिनेट की बैठक में मंजूरी के लिए लाया जाएगा। इसके अतिरिक्त केदारनाथ पुनर्निर्माण, औली में होने वाली स्कीइंग प्रतिस्पर्धा के लिए उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया को टेंडर से बाहर रखने सहित आबकारी, उच्च शिक्षा और खनन के प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।