जंक्शन पर बृहस्पतिवार को केएम पैंसेजर को चलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : KHURJA
खुर्जा-मेरठ पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
खुर्जा। खुर्जा-मेरठ पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग को लेकर दैनिक यात्रियों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि 18 माह से केएम पैसेंजर ट्रेन का संचालन ठप है। ऐसे में निजी साधन अथवा बसों से सफर करना पड़ रहा है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को काफी संख्या में दैनिक यात्री रेलवे स्टेशन के गेट पर एकत्रित हो गए। लोगों ने कहा कि खुर्जा जंक्शन से मेरठ रेलवे ट्रैक पर तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता है। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद धीरे-धीरे एक्सप्रेस और अन्य पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। लेकिन 18 माह बीत गए अभी तक तीन जोड़ी खुर्जा-मेरठ ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं किया गया। लोगों ने कहा कि लॉकडाउन से पूर्व रोजाना दो से ढाई हजार लोग पैसेंजर ट्रेनों से आवागमन कर रहे थे। लेकिन जब से ट्रेनों का संचालन बंद है, तबसे आवागमन करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग नौकरीपेशा और व्यापारी हैं, जिन्हें रोज सफर करना पड़ता है। ट्रेन की सुविधा न होने के कारण बसों अथवा निजी साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। बस का किराया और पेट्रोल डीजल के रेट अधिक होने के कारण लोगों का खर्च बढ़ गया है। प्रदर्शन करने वालों में अलीहसन, छोटेलाल, मुनव्वर, कासिम, फौजी, राजकुमार आदि रहे।