साहब! मैं अपराधी हूं, मुझे गिरफ्तार कर लो। कोतवाली पहुंचकर 25 हजार के इनामी बदमाश ने जब यह बात कही तो पूरा स्टाफ हैरान रह गया। बदमाश को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
ये भी पढ़ें- एम्स में आग : क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच, कई अधिकारियों के छूटने लगे पसीने
सीओ खुर्जा गोपाल सिंह ने बताया कि पिछले माह 22 जुलाई को तीन बदमाशों ने दो लोगों से कैंटर, मोबाइल, नगदी लूट ली थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की थी। मामले में पुलिस ने एक बदमाश समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य दो साथी बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी और उनके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
19 अगस्त की रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान इनामी बदमाश विजय को भी दबोच लिया था। पैर में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया था। लूट में शामिल तीन में से दो बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के डर से बुधवार सुबह तमंचा लेकर तीसरा साथी बदमाश निजाम कोतवाली पहुंच गया। उसके गले में गले में पट्टी बंधी हुई थी। उस पर लिखा था।
साहब मैं अपराधी हूं। मुझे गिरफ्तार कर लो, मैं आगे से अपराध नहीं करूंगा। जिस इनामी बदमाश को पुलिस तलाश कर रही थी अचानक कोतवाली में सामने देख पूरा स्टाफ आश्चर्यचकित रह गया। सीओ ने बताया कि इनामी बदमाश के ऊपर चार मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।