माई सिटी रिपोर्टर खुर्जा। अरनिया थाना क्षेत्र के गांव गंगावली नगला बंजारा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसी जहरीले पदार्थ के खाने से उसकी मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देते हुए जांच की मांग की है। रविवार देर शाम गांव गंगावली नगला बंजारा निवासी कुलदीप (22) पुत्र चंद्रपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर ही मौत हो गई। परिजनों ने उसे पड़ा हुआ देखा। परिजनों की मानें तो मृतक कुलदीप के मुंह से झाग निकले हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि जैसे किसी ने कोई जहर खिला दिया हो। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर जांच की मांग की है। थाना प्रभारी अल्ताफ अंसारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। तहरीर के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।