चीनी मिल सहकारी संघ रसड़ा के चेयरमैन बब्बन सिंह रघुबंशी का सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक वीडियो को भाजपा ने गंभीरता से लिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने गुरुवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर जारी वीडियो काफी आपत्तिजनक है। इस तरह की कृत्य की जानकारी प्रदेश मुख्यालय पर हुई है। आपके इस आचरण से पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। यह अनुशासनहिनता की श्रेणी में आता है और प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आपको तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने निष्कासित किया है। आगे जिस तरह का निर्देश आएगा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पार्टी में वह किसी पद पर नहीं थे। बता दें कि बुधवार को शादी समारोह में नर्तकी के साथ अश्लील हरकत करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था ।