बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम एडीजे के पेशकार की उसके पार्टनर ने ही एक अन्य साथी के साथ मिल गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, वारदात के 18 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी को दबोच नहीं सकी है। गौरतलब है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आरके पुरम निवासी अतुल शर्मा एडीजे फास्ट ट्रैक कोर्ट टू में पेशकार थे। इसके अलावा उनका भूड़ रोड पर दो अन्य पार्टनर के साथ यामाहा एजेंसी का शोरूम भी था। बृहस्पतिवार देर रात शोरूम पर ही उनके एक पार्टनर ने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के चाचा जतन लाल शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार सुबह अतुल घर से कचहरी जाने को निकला था। इस दौरान उसने परिजनों से कहा था कि यामाहा एजेंसी के पार्टनर सौरभ पर जो उसके आठ लाख रुपये बकाया हैं, उसका बृहस्पतिवार को ही हिसाब किताब होना है। इस कारण वह थोड़ा लेट आएगा। लेकिन, देर शाम परिजनों को जानकारी हुई कि विवाद के दौरान सौरभ ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी है। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं। कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं।