झज्जर। फतेहाबाद और सिरसा की टीम के बीच खेले गए अंडर-19 अंतर जिला प्रतियोगिता के लीग क्रिकेट मैच में फतेहाबाद की टीम ने 74 रनों से जीत दर्ज की। मैच में बहादुरगढ़ निवासी फतेहाबाद टीम के खिलाड़ी सक्षम शर्मा का निराशाजनक प्रदर्शन रहा। रोहतक के भिवानी रोड स्थित 22 यार्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में फतेहाबाद और सिरसा की टीम के बीच अंडर-19 अंतर जिला प्रतियोगिता का लीग क्रिकेट मैच खेला गया। सिरसा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हुए फतेहाबाद की टीम 48.5 ओवरों में 266 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में सक्षम शर्मा सात गेंदों में एक चौके की मदद से मात्र पांच रन ही बनाकर आउट हो गए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिरसा की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।