पांपोर में शनिवार की शाम हुए आतंकी हमले के बाद अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर भागने लगे। क्षेत्र की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई। हाईवे पर आवागमन रोक दिया गया।
बताते हैं कि शाम के वक्त पांपोर बाजार में काफी भीड़भाड़ रही। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। इसके साथ ही हाईवे पर भी अचानक वाहनों के पहिये थम गए। लोग गाड़ी बैक कर भागने लगे।
इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि अचानक शुरू हुई फायरिंग से कुछ समझ में हीं नहीं आया। अचानक चीख तथा शोर मचने लगा। सुरक्षाबलों के जवान दौड़ते भागते नजर आए। अचानक शोर मचना शुरू हुआ कि आतंकी हमला हो गया।
इसके बाद जिसे जहां जगह मिली उसने छिपकर अपनी जान बचाई। कई लोग बदहवास हालात में भागने के दौरान गिरकर घायल भी हो गए। फायरिंग की आवाज जब थमी तो छिपे लोग बाहर निकले और घरों को गए।