संभल। नखासा थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक मिठौली निवासी युवक की पंजाब के शहर पठानकोट में सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को गांव पहुंचे शव को देखकर परिजनों का रो रो कर बुुुरा हाल हो गया। मृतक मोहम्मद नबी पुत्र अकबर(22 वर्ष) काफी समय से पंजाब के शहर पठानकोट में रहकर फल बेचने का काम करता था। गुरूवार को किसी काम से पठानकोट से जालंधर बाइक से जा रहा था। अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की आईडी कार्ड व मोबाइल की सहायता से पहचान कर परिजनों को सूचना दी। हादसे में युवक की मौत की सूचना परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। शुक्रवार को मोहम्मद नबी का शव लेकर घर पहुंचे उसके बड़े भाई मोबिन ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। युवक पठानकोट में रहते हुए फल बेचने का काम करता था। तीन साल पूर्व युवक की कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर से शादी हो गई थी। युवक अपने पीछे पत्नी शबीना और दो साल के बेटे को छोड़ गया। युवक का शव घर पहुंचने पर देखने वालों का तांता लग गया।