रायगढ़ जिला मुख्यालय में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में चैन खरीदने के नाम पर पहुंचा युवक लाखों रुपये की सोने की चेन लेकर फरार हो गया। ज्वेलरी शॉप के संचालक ने उक्त मामले की रिपोर्ट सिटी कोतवाली थाने में लिखाई है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग में कृष्णा काम्पलेक्स के ठीक सामने स्थित टाटा कंपनी के ब्रांडेड ज्वेलरी शॉप तनिष्क ज्वेलर्स में दोपहर 12 बजे के आसपास शहर के ढिमरापुर में रहने वाला एक युवक क्षितिज अग्रवाल (27) अपनी कार से पहुंचा और ज्वेलरी शॉप में कार्यरत कर्मचारियों को सोने के चेन दिखाने की बात कही। इसके बाद जैसे ही कर्मचारी ने उसे दिखाया, वह उसे लेकर दिनदहाड़े अपनी कार से सब के सामने से फरार हो गया।
तनिष्क ज्वेलर्स के मैनेजर हर्षदीप सिंह के अनुसार, सोने की चेन की कीमत करीब सवा चार लाख आसपास का है। इस घटना के बाद तनिष्क ज्वेलर्स के कर्मचारियों ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में सिटी कोतवाली के प्रभारी थाना प्रभारी येनु देवांगन ने बताया कि तनिष्क ज्वेलर्स के मैनेजर हर्षदीप सिंह की शिकायत के बाद आरोपी युवक के खिलाफ धारा 309, 4 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी युवक की पतासाजी की जा रही है।