छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पथरी का ईलाज करने के दौरान डॉक्टरों ने उसकी किडनी निकाली ली। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रायगढ़ जिले के अधिकारियों ने बताया कि एक वृद्ध महिला के परिजनों ने शिकायत की है कि जब वह पथरी का आपरेशन कराने एक खरसिया कस्बे में स्थित निजी अस्पताल पहुंची तब डॉक्टरों ने उसकी किडनी निकाल ली। अधिकारियों ने बताया कि महिला के परिजनों ने इस मामले में चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर एसडीएम और एसडीओपी से शिकायत की है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद रायगढ़ के जिलाधिकारी यशवंत कुमार ने आज खरसिया के एसडीएम गिरीश रामटेके के नेतृत्व में तीन वरिष्ठ डॉक्टरों समेत पांच सदस्यीय प्रशासनिक जांच समिति गठित की है। इस समिति की जांच रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जांजगीर चांपा जिले के मरकाम गोड़ी गांव के रहने वाले सुमित्रा पटेल के परिजनों ने शिकायत की है कि उनका पथरी का आपरेशन 30 मई को खरसिया के निजी अस्पताल "वनांचल केयर" में हुआ था। इस दौरान डॉक्टरों ने महिला की बाईं किडनी निकाल ली। परिजनों की शिकायत है कि डॉक्टरों ने आपरेशन के बाद पथरी तो दिखाई लेकिन किडनी नहीं दिखाई। और न ही किडनी निकाले जाने के बारे में बताया।