छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बच्चा चोर होने संदेह में एक भिखारी की हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि लेमरू थाना क्षेत्र के पेंड्रीडीह गांव में बच्चा चोर के संदेह में भिखारी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने मंतूराम (19 वर्ष), कुंवर साय (22 वर्ष) और एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।
लेमरू थाना प्रभारी रामलाल मरावी ने बताया कि 27 मई को करीब 45 वर्षीय एक व्यक्ति पेंड्रीडीह गांव पहुंचा था। मानसिक रूप से कमजोर वह व्यक्ति स्थानीय ग्रामीण जगमोहन के परिवार से खाना मांग रहा था। तभी गांव के तीन युवक मंतूराम, कुंवर साय और एक अन्य वहां पहुंचे और उन्होंने जगमोहन के परिवार वालों को बताया कि वह व्यक्ति बच्चा चोर है।
मरावी ने बताया कि इसके बाद तीनों युवक उसे गांव से बाहर एक नाले के पास ले गए और उसकी जमकर पिटाई की और बाद में उन्होंने कुल्हाड़ी से उसके सिर और गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद युवकों ने उसके शव को नाले के पास ही दफना दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवकों ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। शव भी बरामद कर लिया गया। मरावी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आरोपी युवकों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।