सर्वमंगला नगर में करंट लगने से बालिका की मौत
शहर के सर्वमंगला नगर, बरेठ मोहल्ला में गुरुवार सुबह 12 वर्षीय छात्रा की करंट लगने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। मृतका के पिता गोपाल निषाद ने बताया कि उनकी बेटी भूमि, दुरपा के कर्म भारती स्कूल में कक्षा छठी की छात्रा थी। वह रोज की तरह सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। बिस्तर साफ करने के बाद जब उसने कमरे की लाइट बंद की, तभी वह करंट की चपेट में आ गई। गोपाल ने बताया कि वह चिल्लाने की आवाज सुनकर दौड़े और किसी तरह उसे स्विच से अलग किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसकी मृत्यु की पुष्टि कर दी।
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, बोर्ड में आ रहा था करंट
गोपाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण घर के बिजली बोर्ड में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। हादसे के बाद बिजली लाइन को बंद किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई में बहुत होशियार थी और उसे स्कूल जाने का बहुत शौक था। वह निजी स्कूल में पढ़ती थी, जिसके लिए गोपाल मजदूरी करके खर्च जुटाते थे।
परिवार का सहारा थी भूमि
गोपाल ने बताया कि भूमि न केवल पढ़ाई में अव्वल थी, बल्कि घर के कामों में मां का हाथ बटाती थी और अपने छोटे भाई से बहुत प्यार करती थी। उसे रील बनाने का भी शौक था और कुछ दिन पहले ही उसने एक रील बनाया था। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।पुलिस जांच शुरू, लोगों में शोक
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और आगे की जांच की जा रही है। इस घटना से परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर है।
बिजली सुरक्षा पर ध्यान जरूरी
इस हादसे ने बिजली सुरक्षा के प्रति लापरवाही को उजागर किया है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि नियमित रूप से बिजली की तारों और उपकरणों की जांच करवानी चाहिए। बिजली उपकरणों का उपयोग करते समय सुरक्षा उपायों का पालन करें और बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतें। लोगों को बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की जरूरत है ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।