रामचंद्रपुर थाना पहुंचे ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बलरामपुर रामानुजगंज के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम लोधा की खैरवार समाज की एक नाबालिग लडकी 23 दिसंबर की रात से घर से लापता है। घटना को छह दिन बीत जाने के बाद भी लड़की का कोई सुराग नहीं लग पाने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला है।
गुस्साए ग्रामीण और लापता लड़की के परिजन रामचंद्रपुर थाना पहुंचे और पुलिस प्रशासन से शीघ्र पता लगाने की मांग की। थाना परिसर में लोगों की मौजूदगी के दौरान घटना को लेकर गहरी चिंता और नाराजगी देखने को मिली। जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह ने कहा कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं घटित हो चुकी हैं। लगातार ऐसी घटनाओं का होना अत्यंत चिंताजनक है और इन पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित व ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नवरंगे ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।