रायगढ़ जिले में बकरा पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक सनतराम मांझी की पत्नी रामवती मांझी ने गांव के कुछ लोगों पर उसके पति की हत्या करने और घटना को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बकरा पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक सनतराम मांझी की पत्नी रामवती मांझी ने गांव के कुछ लोगों पर उसके पति की हत्या करने और घटना को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
रामवती मांझी के अनुसार, 21 सितंबर को उसके पति सनतराम मांझी बकरा पार्टी में शामिल हुए थे। इस दौरान उदय साय मांझी, मेहत्तर राउत, राजकुमार यादव, मिलन सारथी, दरसराम मांझी और नरेन्द्र यादव भी मौजूद थे। आरोप है कि शराब पिलाकर उसके पति की हत्या कर दी गई। घटना की रात परिजन को गलत सूचना दी गई कि बकरा खाते समय सनतराम मांझी की मौत हो गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मृतक के मुंह से खून निकल रहा था।
परिवार और गांव को गुमराह करने का आरोप
रामवती ने बताया कि घटना के बाद अन्य लोगों को बताया गया कि मृत्यु स्वाभाविक हुई और पोस्टमार्टम कराने पर सिर्फ शराब और बकरा का मांस ही मिलेगा। साथ ही परिवार को शव देखने नहीं दिया गया और जल्दी में दाह संस्कार कर दिया गया। मृतक के परिवार में पूर्व में किसी की मृत्यु पर भी दाह संस्कार नहीं किया गया।
विज्ञापन
ससुर और गांव के अन्य लोगों पर संदेह
रामवती ने अपने ससुर उदल साय मांझी पर भी आरोप लगाया कि वे मेहत्तर राउत के साथ रहते थे और जमीन संबंधी कमाई में मुख्य भूमिका निभाते थे। मृतक ने कथित तौर पर इसे लेकर विवाद भी किया था।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
रामवती ने आरोप लगाया कि मृतक की मौत को एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद लैलूंगा पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके चलते वह अपने बेटियों और परिजनों के साथ जिला मुख्यालय पहुंची और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल को ज्ञापन सौंपकर कातिलों को सख्त सजा दिलाने की गुहार लगाई।
पुलिस की प्रतिक्रिया
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि मृतक परिवार के परिजन पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने पहुंचे थे। प्राथमिक जांच में मृत्यु को अप्राकृतिक बताया गया है। लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कर जांच के लिए भेज दी गई है।