बिलासपुर जिले के तखतपुर में खराब सड़कों के विरोध में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के काफिले को मनियारी नदी पुल पर रोका गया। कांग्रेस ने सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर 11 जुलाई को व्यापक आंदोलन की घोषणा की।
तखतपुर थाना क्षेत्र में खराब सड़कों से परेशान स्थानीय लोगों ने गुरुवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के काफिले को मनियारी नदी पुल पर रोककर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर 11 जुलाई को व्यापक आंदोलन की घोषणा की है।
विज्ञापन
दरअसल, तखतपुर के बेलसरी मोड़ से मनियारी नदी और बरेला तक की सड़कों में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जो जानलेवा साबित हो रहे हैं। हाल ही में एक गैस सिलेंडर से भरा ऑटो इन गड्ढों में पलट गया था, और दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में तखतपुर नेशनल हाईवे की खराब स्थिति लगातार सुर्खियों में रही है। गुरुवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तखतपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे। मुंगेली जिले की ओर लौटते समय उनके काफिले को मनियारी नदी पुल पर स्थानीय युवाओं ने रोक लिया और सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर 11 जुलाई को तखतपुर में बड़े पैमाने पर आंदोलन करने की घोषणा की है।