रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुस्तैनी जमीन के मुआवजे को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग ने अपने भतीजे को लाठी से इतना पीटा कि उसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुर्मीभौना (सुकबासीपारा) निवासी पवन कुमार राठिया (40) और उनके बड़े पिता मंगलूराम राठिया (70) के नाम पर कुर्मीभौना में लगभग नौ एकड़ पुस्तैनी जमीन दर्ज है, जिसे एसईसीएल बरौद कोयला खदान द्वारा अधिग्रहित किया जाना प्रस्तावित है। जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर परिवार में तनाव था। मंगलूराम ने जमीन के एवज में दो लाख रुपये उधार लिए थे, जिसमें से पवन अपना हिस्सा मांगने 20 जून की शाम उनके घर गया था।
विवाद के दौरान मंगलूराम ने गुस्से में लकड़ी के बहिंगा (लाठी) से पवन के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल पवन को परिजनों ने पहले घरघोड़ा सीएचसी और फिर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर चक्रधरनगर थाने में 21 जून को दर्ज बिना नंबरी मर्ग डायरी घरघोड़ा थाने को प्राप्त हुई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें मंगलूराम का नाम सामने आया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया और खून से सना लकड़ी का बहिंगा पुलिस को सौंपा, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मंगलूराम के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 21 जून को उसे गिरफ्तार किया और रविवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। यह घटना पुस्तैनी संपत्ति और मुआवजे को लेकर पारिवारिक विवादों की गंभीरता को दर्शाती है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।