रायगढ़ जिले में एक मकान में एक महिला और दो बच्चों का शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
छाल थाना क्षेत्र में एक महिला और दो बच्चों की दो दिन पुरानी लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, छाल थाना क्षेत्र के गांव कीदा में गुरुवार दोपहर एक मकान में एक महिला सुकांति साहू (35) और उसके दो बच्चे युगल साहू (15) पुत्र महेंद्र साहू , प्राची साहू (12) पुत्री महेंद्र साहू का दो दिन पुराना शव मिला है। ग्रामीणों ने बताया की बदबू आने से किसी अनहोनी घटना की आशंका हुई। जब वे महिला के मकान में पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर महिला और दोनों बच्चे का शव पड़ा हुआ था।
ग्रामीणों ने छाल थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही छाल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।