शेयर मार्केट में तीन माह में पैसा दोगुना करने का लालच देकर 14 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में जयनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जयनगर निवासी रकीबुल की शिकायत के अनुसार, अहमद रजा अंसारी, महबूब हुसैन उर्फ अहमद और दो अन्य लोगों ने उन्हें झांसा दिया।
रकीबुल ने 25 सितंबर 2024 को सात लाख रुपये नकद और बाद में यूपीआई के माध्यम से सात लाख रुपये अहमद रजा के बैंक खाते में जमा किए। तीन माह बाद पैसा मांगने पर अहमद रजा ने टालमटोल की और 28 लाख रुपये का चेक दिया, जो खाते में राशि न होने के कारण निरस्त हो गया।
जयनगर थाने में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया गया। डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जयनगर पुलिस ने अहमद रजा अंसारी (35, ग्राम जूर, चौकी बसदेई) और महबूब हुसैन उर्फ अहमद (ग्राम करौंदामुड़ा, थाना झिलमिली) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से बैंक खाता, एटीएम कार्ड, शेयर ट्रेडिंग में प्रयुक्त चार मॉनिटर और एक सीपीयू जब्त किया गया। दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो और एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक नंदकिशोर राजवाड़े, रविशंकर पांडेय, आरक्षक विकास मिश्रा और सुरेश साहू द्वारा की गई।