टक्कर के बाद ट्रक और पिकअप सड़क किनारे ट्रांसफार्मर से टकराए।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में गुरुवार को पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर में जा घुसे। हादसे में बिजली के पोल टूट गए और इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं पिकअप का चालक और खलासी घायल हैं। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बरटोला गांव के मुख्यमार्ग पर गुरुवार को एक ट्रक और आलू- प्याज से भरे पिकअप में जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहन इतनी रफ्तार में थे कि टक्कर के बाद सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर को भी तोड़ दिया। इसके बाद इलाके में बिजली सप्लाई बंद हो गई। हादसार होते देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी डायल-112 को दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं विद्युत विभाग की टीम पोल और ट्रांसफार्मर को सही करने का प्रयास कर रही है।