कोरबा जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वे रिश्तेदारी में भात खाने गए थे। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक मवेशी आ गया, जिससे टकराने के बाद तीनों करीब 10 फीट दूर जा गिरे।
करतला थाना क्षेत्र के सकदुक्ला में शनिवार शाम करीब छह बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रिश्तेदार थे और दादर बस्ती, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मृतक रामायण सिंह राठिया (43), सादराम राठिया (48) और सुख सिंह राठिया (40) बाइक पर सवार होकर कोटमेर रामपुर से दादर लौट रहे थे। वे रिश्तेदारी में भात खाने गए थे। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक मवेशी आ गया, जिससे टकराने के बाद तीनों करीब 10 फीट दूर जा गिरे। रामायण और सादराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुख सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे से दादर बस्ती में सन्नाटा पसर गया है और गांव में शोक का माहौल है। दो मृतकों का पोस्टमार्टम करतला में और एक का कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज में किया गया। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को दादर लाया जाएगा, जहां एक साथ उनकी अंतिम शव यात्रा निकाली जाएगी।
विज्ञापन
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण हुआ, जो शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। अब तक कई लोग इस तरह के हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं और कई घायल हुए हैं। प्रशासन से मवेशियों को सड़कों से हटाने की मांग फिर से जोर पकड़ रही है।