लूट की साजिश रचने वाले दो भाइयों को पुलिस ने दबोचा, हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में लूटपाट की साजिश रचने वाले दो भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से देशी कट्टा, बंदूक और कारतूस बरामद हुए हैं। मामला ट्रांसपोर्टनगर का है, जहां मुखबिर की सूचना पर जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार भाइयों की पहचान मिथलेश महतो और नितेश राय के रूप में हुई, जो जूटमिल के निवासी हैं। तलाशी में मिथलेश के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस, जबकि नितेश के मेमोरेंडम पर एक बड़ी नाली वाली बंदूक जब्त की गई। पूछताछ में पता चला कि दोनों लूट की योजना बना रहे थे।
मिथलेश महतो का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या, आगजनी और अवैध शराब तस्करी के मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के अवैध हथियारों के नेटवर्क और अन्य जिलों में उनके अपराधों की जांच कर रही है। दोनों के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।