नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गोबरानवापारा पुलिस ने तर्री शमशान घाट के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गोबरानवापारा पुलिस ने तर्री शमशान घाट के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 710 नग नशीली टेबलेट बरामद की गई है।
विज्ञापन
दिनांक 8 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि थाना गोबरानवापारा क्षेत्र अंतर्गत तर्री शमशान घाट के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मारुति स्विफ्ट डिजायर कार को घेराबंदी कर रोका। वाहन में तीन युवक सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम आशीष निर्मलकर, अरमान अहमद और किशोर यादव उर्फ पप्पू बताए।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम बरामद की गई। जब पुलिस ने टेबलेट रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 710 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम (अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये), बिक्री की नगद रकम तथा प्रकरण में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG 08 W 3107) जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
विज्ञापन
आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरानवापारा में अपराध क्रमांक 11/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(बी) में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में नशीली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।