छत्तीसगढ़ में VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों की चिंता के बीच राज्य स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐप की तकनीकी खामियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। साथ ही 15 अगस्त तक सभी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐप में तकनीकी त्रुटियों के कारण यदि किसी शिक्षक की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है, तो उसका वेतन नहीं काटा जाएगा।
उन्होंने बताया कि VSK ऐप में आ रही सभी तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 15 अगस्त तक ऐप को पूरी तरह सुचारु कर दिया जाए, ताकि शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि राज्य के करीब 1.75 लाख शिक्षकों में से लगभग 1.50 लाख शिक्षक, यानी करीब 85 प्रतिशत शिक्षक, प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने इसे शिक्षकों की जिम्मेदारी, अनुशासन और नई तकनीक को अपनाने की सकारात्मक सोच का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल एवं उपयोगी बनाएगी। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज करने में दिक्कत आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी।
गजेंद्र यादव ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पहले की तरह VSK ऐप का उपयोग जारी रखें और यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। सरकार सभी सुझावों पर विचार कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा तकनीक आधारित बनाया जा सके।