कुनकुरी विकासखंड में शासकीय हाईस्कूल में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने की घटना सामने आई है। टीचर अपनी छात्राओं से अश्लील हरकत करता रहता था। इसकी शिकायत की जांच शिक्षा विभाग ने की और शिकायत सही पाए जाने पर इसकी रिपोर्ट कुनकुरी थाने में की गई। पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 15 जनवरी को स्कूल की आठ छात्राओं ने शिक्षा विभाग के अधिकारी को एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में छात्राओं ने बताया था कि शिक्षक उनके साथ अश्लील हरकत करता है। इस शिकायत पर जिला शिक्षाधिकारी नरेंद्र सिन्हा ने जांच टीम बनाई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर कुनकुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ कुनकुरी थाने में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 8, आईपीसी 354क, 509 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर मल्लिका तिवारी कर रही हैं।