सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जशपुर जिला मुख्यालय के महाराजा चौक में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यमराज के रूप में अवतरित हुए समाजसेवी केसर हुसैन ने वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। "हेलमेट कहाँ है बच्चा? जिस दिन एक्सीडेंट हो गया, यमलोक ले जाऊंगा," जैसे संवादों से उन्होंने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने का बड़ा संदेश दिया।
इस अनोखे अभियान की अगुवाई जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) शशिमोहन सिंह ने की। एसपी ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया, जबकि नियम तोड़ने वालों को यमराज के चेतावनी भरे संवाद सुनने पड़े।