भारतीय जनता पार्टी की नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर एक बार फिर तीखा हमला किया है। राजधानी में आयोजित शिल्प गुरु एवं राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लेने पहुंची स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए सौभाग्य की बात है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मंदिर-मंदिर भटक रहे हैं। इससे एक बात तो साफ हो जाती है कि भाजपा ने सभी को मंदिर का रास्ता दिखा दिया है। स्मृति के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी राहुल के मंदिर जाने पर हमला बोला और कहा कि राहुल को इससे पहले तो मंदिर जाते हुए नहीं देखा था लेकिन चुनाव के समय अचानक से उन्होंने मंदिर जाना शुरू कर दिया है।
इसके साथ ही केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कई शिल्पकारों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शिल्पकारों के हितों से जुड़ी घोषणाएं कीं इनमें प्रमुख रूप से उनके बच्चों के लिए नेशनल ओपन स्कूल और यूनिवर्सिटी की स्थापना बात रही। उनका कहना था कि इन स्कूलों में 50-75 प्रतिशत तक का आरक्षण शिल्पकार के बच्चों के लिए रखा जाएगा। अभी तक 1700000 शिल्पकारों ने अपने पहचान पत्र बनवा लिए हैं। इस कारण से न सिर्फ उन्हें बीमा योजना का लाभ मिल रहा है बल्कि वो अब अच्छी कमाई भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिल्पकार न सिर्फ अपने लिए अच्छी आय पैदा कर रहे है बल्कि राष्ट्रीय आय में भी इनका अहम योगदान है। देश में प्रतिवर्ष 100026 करोड़ रुपये का सामान विदेशों में भेजा जा रहा है। इसे किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जा सकता है। वहीं इस कार्यक्रम में मौजूद रमन सिंह ने सम्मानित हो रहे शिल्पकारों को शुभकमनाएं दीं और कहा कि स्थानीय शिल्पकारों की बदौलत राज्य को देश में अगल पहचान मिल रही है।