राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर देश और विदेश के लाखों दर्शकों के बीच छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर सिरपुर पर आधारित झांकी राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिये तैयार है।
रक्षा मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आज राज्य की झांकी को राष्ट्रीय मीडिया के अवलोकन के लिये प्रस्तुत किया गया। सिरपुर की इस झांकी में सिरपुर के प्रसिद्व लक्ष्मण मंदिर, खुदाई में निकले शिव मंदिर, बौद्व प्रतिमाओं और जैन प्रतिमाओं को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
गणतंत्र दिवस के लिये चयन होने के बाद जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कलाकारों का दल एक महिने से राष्ट्रीय रंगशाला शिविर स्थल में कार्य कर रहे हैं। इस झांकी में सिरपुर में मिली सिंधु घाटी सभ्यता की सील, दिल्ली सल्तनत और मुगलकालीन सिक्कों तथा खुदाई में मिली एलियन जैसी आकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। झांकी के लिए विशेष रूप से संगीत रचना भी कराई गयी है।
पवित्र महानदी के तट पर बसा सिरपुर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत की अनमोल धरा है। प्राचीन काल में यह सिरपुरा के नाम से जाना जाता था। सिरपुर में जब पुरातत्व विभाग द्वारा खुदाई की गयी तो पुरा संपदा का एक अद्भुत खजाना सामने आ गया।