राजधानी में होने वाले यूथ कॉनक्लेव में राज्य सरकार लगभग पांच हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप और टैबलेट वितरित करेगी। यह यूथ कॉनक्लेव 29 जनवरी को आयोजित होने जा रहा है।
यूथ कॉनक्लेव में लैपटॉप व टैबलेट देने के बाद समय-समय पर अन्य विद्यार्थियों को भी समारोह आयोजित कर लैपटॉप और टैबलेट बांटे जायेंगे।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्योत्सव के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को लैपटॉप और टैबलेट देने की घोषणा की थी। इस घोषणा के तहत यह वितरण किया जा रहा है। इस कॉनक्लेव की तैयारी के संदर्भ में मुख्यमंत्री निवास पर बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की गई। इसके बाद लैपटॉप और टैबलेट बनाने वाली कंपनी से खरीदी पर विचार किया गया।
इस बैठक में मुख्य सचिव सुनील कुमार, सचिव ऊर्जा विभाग अमन सिंह, प्रमुख सचिव वित्त डीएस मिश्रा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के कमिश्नर सोनमणी बोरा, तकनीकी शिक्षा सचिव निधि छिब्बर, संस्कृति विभाग के संचालक नरेंद्र शुक्ला, संस्कृति विभाग के संचालक संतोष मिश्रा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक राजकुमार देवांगन उपस्थित थे।