आसाराम के खिलाफ दर्ज बलात्कार के मामलों में तीन अहम गवाहों की हत्या करने वाले संदिग्ध शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुजरात के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) के एक प्रमुख अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से रविवार को कार्तिक हलदार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
हलदार ने तीन गवाहों की हत्या करने के अलावा चार अन्य लोगों की भी जान लेने की कोशिश की थी। ये चारों लोग जोधपुर की जेल में बंद आसाराम पर लगे रेप के आरोपों से किसी न किसी रूप में जुड़े हैं।
एटीएस के आईजी और क्राइम ब्रांच में सह आयुक्त जेके भट्ट ने कहा कि पूछताछ के दौरान हलदार ने बताया कि उसे आसाराम के साधकों ने इन गवाहों की हत्या करने को कहा था, जिससे कि आसाराम पर लगे आरोपों को कमजोर किया जा सके।