राज्य सचिव कैलाश सोनी ने प्रतिभागी छात्रों को दिया प्रमाण पत्र
- फोटो : संवाद
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही में ध्वज अवतरण के साथ ही सात दिवसीय यूनिट लीडर बेसिक ट्रेनिंग कोर्स का समापन हुआ। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य सचिव कैलाश सोनी ने अपने हाथों से प्रतिभागी छात्रों को प्रमाण देकर सम्मानित किया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मेंबरशिप ग्रोथ प्रोजेक्ट के तहत आयोजित यूनिट लीडर बेसिक ट्रेनिंग कोर्स में गौरेला पेण्ड्रा मरवाही से कुल 99 शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस दौरान 19 शिक्षक कब मास्टर, 14 शिक्षक रोवर लीडर और 46 शिक्षक स्काउट मास्टर बने। इसी तरह 20 महिला शिक्षक गाइड कैप्टन बनीं। शिविर के अंतिम दिन राज्य सचिव कैलाश सोनी के हाथों प्रमाण पत्रों का वितरण हुआ। इसके पहले सुबह 7 बजे सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। मूल्यांकन, ओपन सेसन दीक्षा संस्कार, प्रमाण पत्र वितरण के बाद ध्वज अवतरण करते हुए शिविर का समापन किया गया। राज्य सचिव कैलाश सोनी ने नवनियुक्त स्काउटर्स, गाइडर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे विद्यालयों में यूनिट का गठन, पंजीयन करते हुए स्काउट गाइड की गतिविधियां प्रारंभ करेंगे।