छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी और बासागुड़ा, भैरमगढ़ व फरसेगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त व अलग-अलग कार्रवाइयों में दो इनामी नक्सलियों सहित तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, एक नाबालिग को विस्फोटक सामग्री के साथ हिरासत में लिया गया है।
बासागुड़ा में दो इनामी नक्सली गिरफ्तार
डीआरजी बीजापुर और बासागुड़ा थाना की संयुक्त टीम ने दो इनामी नक्सलियों को पकड़ा। इनमें हड़मा कुंजाम उर्फ बक्का, पोलमपल्ली आरपीसी जनताना सरकार का अध्यक्ष (निवासी बिल्लीपारा, नरसापुर) और कन्जू उर्फ सुरेश पोडियाम, पुसबाका आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमांडर (निवासी मुरकीपाड़, गगनपल्ली) शामिल हैं। दोनों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम था। इनके कब्जे से टिफिन बम, डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर और बैटरी बरामद हुई है।
भैरमगढ़ में नक्सली गिरफ्तार
डीआरजी और भैरमगढ़ थाना पुलिस ने जुनवानी मेन रोड से राजू लेकाम, बोड़गा आरपीसी जनताना सरकार के सदस्य, को गिरफ्तार किया। वह विस्फोटक सामग्री लेकर पगडंडी मार्ग से जा रहा था। उसके पास से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, बैटरी, बिजली का तार और जमीन खोदने के औजार बरामद किए गए।
फरसेगढ़ में नाबालिग हिरासत में
फरसेगढ़ थाना पुलिस ने आलवाड़ा जंगल से एक नाबालिग को विस्फोटक सामग्री के साथ हिरासत में लिया। बरामद सामग्री में टिफिन बम, बैटरी, डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर और नक्सली साहित्य शामिल है। नाबालिग के खिलाफ बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।