सर्व आदिवासी समाज ने निकाली आक्रोश रैली
- फोटो : अमर उजाला
पूरे देश में आज विश्व आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है। विभिन्न स्थानों में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम किये जा रहे हैं। वहीं, कांकेर में आज आदिवासी समाज का अलग ही रूप देखने मिला। यहां सर्व आदिवासी समाज ने त्योहार मनाने की जगह आक्रोश रैली निकाली।
सर्व आदिवासी समाज ने कांकेर के गोंडवाना भवन से कांकेर मेला भाठा ग्राउंड तक विशाल जन आक्रोश रैली निकाली। रैली में कई गांवों के हजारों आदिवासी शामिल हुए। सर्व आदिवासी समाज के नेताओ ने कहा कि मणिपुर में आदिवासियों के साथ हो रही हिंसा, अमानवीय कृत्य, महिलाओं के साथ घोर आपत्तिजनक दुर्व्यवहार को रोकने व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर राज्य में शांति बहाली कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विश्व आदिवासी दिवस को जन आक्रोश रैली के रुप में मनाया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के लगभग सभी आदिवासी समुदाय के लोग इस दिवस को आक्रोश रैली के रूप में मनाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। सर्व आदिवासी नेताओं ने कहा कि वे राष्ट्रपति तक इन गंभीर राष्ट्रीय मुद्दों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ ध्यान आकर्षित करने के लिए रैली निकाल रहे हैं। देश में आदिवासियों के साथ शोषण, अत्याचार, मानवीय हिंसा, सामूहिक बलात्कार आदि मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं जैसे कई गंभीर मुद्दे सभी राज्यों में गूंज रहे है।