खोखसा फाटक ओवरब्रिज का किया वर्चुअल लोकार्पण
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय रायपुर से जांजगीर चांपा जिले की बहुप्रतीक्षित मांग खोखसा फाटक रेलवे ओवरब्रिज का शनिवार को वर्चुअल लोकार्पण किया। अब लोगों को रेलवे क्रासिंग से निजात मिल गई है। अब उन्हें घंटों इतजार नहीं करना पड़ेगा। ओवरब्रिज के शुरू होने से जांजगीर और चांपा की दूरी में कम हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और सांसद गुहाराम अजगले ने फीता काटकर आवागमन शुरू कराया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बहुत प्रयासों से ओवरब्रिज की स्वीकृति मिली थी। हम सब मिलकर गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करेंगे। उन्होंने पुल के शुभारंभ होने पर क्षेत्र की जनता को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि 10 साल पहले जब केंद्र में यूपीए और राज्य में बीजेपी की सरकार थी। तब राज्य सरकार ने प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने मुहर लगाई थी। रेलवे ओवरब्रिज की स्वीकृति दी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से ओवरब्रिज का काम काफी देर से पूरा हो सका और क्षेत्र की जनता की मांग पर आज रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण किया गया है। अब लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
10 साल से चल रहा था कार्य
10 वर्षों से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर था। इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 2013 से किया जा रहा था, जिसकी लंबाई 1167 मीटर है, जिसे पीडब्ल्यूडी ने वर्ष 2018 में 1050 मीटर पूरा कर चुका था, लेकिन रेलवे का 117 मीटर का काम लटका हुआ था। हावड़ा- मुंबई को जोड़ने वाली मुख्य रेल मार्ग पर गार्डर लगाने के लिए रेलवे से परमिशन नहीं मिल रही थी, जिसके कारण कार्य अटका हुआ था। आवागम के लिए राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खोखसा फाटक बंद होने पर लोग घंटों परेशान होते रहते थे। रेलवे ने 117 मीटर का काम जून 2023 में पूरा किया। लंबे समय के अंतराल के बाद यह रेलवे ओवरब्रिज बनकर तैयार हुआ है। ओवरब्रिज के चालू होने से अब रोजाना 9 से 10 हजार लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। सभी अपने मंजिल पर समय से पहुंच सकेंगे।
लोगों ने जताई खुशी
लोगों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि 10 वर्षों से ओवरब्रिज अधूरा था। जांजगीर से चांपा,सक्ति,कोरबा,रायगढ़ जानने के लिए घंटों फाटक के पास से खड़ा रहना पड़ता था। फाटक बंद होने से कई समस्याएं होती थी। अब ओवरब्रिज के शुरू होने से सभी समस्यायों से मुक्ति मिल गई है।