रायपुर विकास प्राधिकरण में सरचार्ज में 30 से 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। सरचार्ज में छूट की अवधि को बढ़ाकर अब 30 अप्रैल तक कर दिया गया है। प्राधिकरण ने पिछले महीने से एक अतिरिक्त कैश काउन्टर बनाया गया था। इसमें राशि जमा करने की सुविधा बढ़ाई गई है। कैश कॉउन्टर में शाम 5:30 बजे तक नगद, चेक और ड्रॉफ्ट के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं।
प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, उपाध्यक्ष द्वय सूर्यमणि मिश्रा और शिव सिंह ठाकुर, संचालक मंडल के सदस्य राजेन्द्र पप्पू बंजारे, ममता रॉय, हिरेद्र देवांगन, मुकेश साहू, और चन्द्रवती साहू ने जनता की बार-बार आ रही मांग को स्वीकार किया है। बकाया राशि पर सरचार्ज की राशि के भुगतान को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
तय बैंकों में ऑनलाइन जमा करें
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धर्मेश साहू ने कहा कि आवंटितियों की सुविधा के साथ उनकी आर्थिक बचत की सुविधा के लिए तारीख बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि आवंटित बकाया राशि का भुगतान योजनावार निर्धारित बैंकों में ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं। बता दें कि राशि 30 अप्रैल रात 12 बजे के पहले खाते में जमा होने पर ही सरचार्ज में छूट का लाभ मिलेगा। बैंक खातों के संबंध में फ्लैट्स और भूखंड के आवंटन पत्र में जानकारी दी गई है। इसकी जानकारी आरडीए की वेबसाइट https://rda.cgstate.gov.in पर भी देख सकते हैं।