इन दिनों सेल्फी भी विवादों से अछूती नहीं है। ताजा मामला छत्तीसगढ़ के रायपुर का है जहां बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर यूनीसेफ के एक कार्यक्रम के दौरान कल रायपुर में थी।
इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में करीना जैसे ही मुख्यमंत्री रमन सिंह के पास बैठी, रमन सिंह ने तुरंत मोबाइल निकाला और उनके साथ एक सेल्फी ले ली।
लेकिन रमन सिंह की इस सेल्फी पर विपक्ष ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। रमन पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा है कि एक ओर किसान आत्महत्या कर रहे हैं और मुख्यमंत्री कलाकार के साथ सेल्फी ले रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में एक दर्जन से ज्यादा परिवारों को सूखे की वजह से आत्महत्या का रास्ता अपनाना पड़ा, लेकिन सीएम उनकी सुध न लेकर सेल्फी लेने में व्यस्त हैं।