राज्य के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संविदा के कुल 1,812 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अक्तूबर की रात 12 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार इन पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। ऑनलाइन भरे गए फॉर्म में अभ्यर्थी 22 से 24 अक्तूबर तक त्रुटि सुधार कर सकेंगे। विभाग ने 31 अक्तूबर से 5 नवंबर के बीच परीक्षा आयोजित करने की संभावित समयसीमा तय की है।
ये भी पढ़ें: सीजी: साल में एक दिन दशहरे पर खुले कंकाली मठ के कपाट; होती है एक हजार साल पुराने शस्त्रों की विशेष पूजा
विभिन्न विषयों व पदों का विवरण
संस्थावार और विषयवार पदों के विवरण के तहत सहायक शिक्षक के सर्वाधिक 590 पद शामिल हैं। व्याख्याता संवर्ग में विभिन्न विषयों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, भौतिक के 53, सामाजिक विज्ञान के 52, हिंदी के 51, गणित के 49, संस्कृत के 47, रसायन के 44 तथा जीव विज्ञान के 39 पद हैं। इसके अलावा राजनीति शास्त्र के तीन, इतिहास के तीन, अर्थशास्त्र के तीन और भूगोल के दो पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसी तरह अंग्रेजी के 106, सामाजिक विज्ञान कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56, हिंदी के 17 और संस्कृत के 17 पदों पर भर्ती की जाएगी।
अन्य संवर्गों में भी अवसर
अन्य पदों की बात करें तो प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक के 27 पद और पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक के 24 पद शामिल हैं। गैर-शैक्षणिक व अन्य संवर्गों में प्रयोगशाला सहायक के 170 पदों पर भर्ती होगी। इसके साथ ही ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पदों को भरा जाएगा। अभ्यर्थी समय रहते ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।