प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशन पर भाजपा द्वारा सोशल मीडिया अकाउंट पर की गई पोस्ट भाजपा की स्तरहीन हरकत है। भाजपा कांग्रेस के अधिवेशन से घबराई हुई है। इसीलिए वह अब अनर्गल और अमर्यादित आचरण पर उतर आई है। आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक विद्वेष भड़का कर सांप्रदायिकता फैलाकर देश की गंगा-जमुनी तहजीब पर प्रहार करके मतों का ध्रुवीकरण करने की राजनीति करती है। देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक विकास के लिए भाजपा का कभी कोई विजन नहीं रहा।