फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़: प्रदेश में फिर टली एसआई भर्ती की मुख्य परीक्षा, 7,301 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

Tue, 13 Oct 2026 09:38 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर

सार

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा फिर स्थगित कर दी है। 341 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा में सफल 7,301 अभ्यर्थियों को अब नई तारीखों का इंतजार है।

 

विज्ञापन
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी है। आयोग ने मंगलवार को आधिकारिक सूचना जारी कर परीक्षा टालने की जानकारी दी। यह परीक्षा पहले 2 से 4 नवंबर तक आयोजित होनी थी। आयोग ने स्थगन के पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।

विज्ञापन


दो बार बदली जा चुकी हैं परीक्षा की तारीखें
आयोग मुख्य परीक्षा की तारीखों में अब तक दो बार बदलाव कर चुका है। शुरुआती कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित होनी थी। हालांकि, 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा होने के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 2 से 4 नवंबर की तारीख तय की गई। अब आयोग ने इन तारीखों पर भी परीक्षा आयोजित करने का निर्णय स्थगित कर दिया है। आयोग ने इसके पीछे अपरिहार्य कारण बताए हैं, लेकिन विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

341 पदों के लिए 7,301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में 183 परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। आयोग ने 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसमें कुल 7,301 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जिन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। मुख्य परीक्षा स्थगित होने के बाद अब इन अभ्यर्थियों को नई तारीखों की घोषणा का इंतजार करना होगा।
विज्ञापन


प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर हुआ था सियासी विवाद
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में दर्ज कुछ नामों को लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ था। सोशल मीडिया पर परिणाम की सूची वायरल होने के बाद 'NEWS', 'SPACERANI', 'HE RAM' और 'BHAKT PRAHLAD' जैसे नाम चर्चा में आए थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 'NEWS' और 'SPACE RANI' नामों से हुए चयन पर तंज कसते हुए सरकार पर निशाना साधा था। वहीं, कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

विवाद बढ़ने के बाद आयोग ने स्पष्ट किया था कि चयन सूची में दर्ज नाम अभ्यर्थियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन में भरी गई जानकारी के अनुसार हैं। इसके बाद 'NEWS' नाम से चयनित अभ्यर्थी न्यूज कुमार प्रधान समेत कुछ अन्य अभ्यर्थियों ने वीडियो जारी कर अपने नाम को सही बताया था और इसके समर्थन में दस्तावेजों का हवाला दिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें